ओमप्रकाश बांगड़वा, सांचौर।आपातकाल 50 साल पूरे होने पर जालोर में भाजपा ने बुधवार को संविधान हत्या दिवस के रूप में मनाया। श्रीयादे माटी कला बोर्ड के अध्यक्ष प्रहलाद राय टांक ने जालोर में हुए कई कार्यक्रमों में भाग लिया। उन्होंने आपातकाल को लेकर कांग्रेस पर गंभीर आरोप लगाए।

मंडल महामंत्री महेश भट्ट ने बताया कि आपातकाल की 50वीं वर्षगांठ को लेकर एक दिवसीय दौरे पर जालोर पहुंचे बोर्ड के अध्यक्ष प्रहलाद राय टांक का जालोर मंडल अध्यक्ष रवि सोलंकी द्वारा साफा पहनाकर एवं नगर महामंत्री सुरेश सुदेशा ओबीसी मोर्चा के जिलाध्यक्ष ओबाराम देवासी, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष गजेंद्र सिंह सिसोदिया ने माला पहनाकर स्वागत किया।
कार्यक्रम के दौरान प्रहलाद राय टांक ने आपातकाल की 50वीं वर्षगांठ को संविधान हत्या दिवस के रूप में मनाए जाने के अवसर पर कांग्रेस की आलोचना की। उन्होंने कहा कि यह देश की आत्मा को कुचलने का सीधा प्रयास था। आपातकाल एक ऐसे परिवार द्वारा रची गई साजिश थी, जो सत्ता के नशे में था और यह कांग्रेस की अत्याचारी और क्रूर मानसिकता का भी प्रमाण है, जिसने संविधान की हत्या करके देश पर आपातकाल थोप दिया।
टांक ने कहा कि आपातकाल कांग्रेस की सत्ता की भूख का अन्याय काल था। 25 जून 1975 को लगे आपातकाल में देशवासियों ने जो पीड़ा और यातना सही, उसे नई पीढ़ी को जानना जरूरी है। इसी उद्देश्य से मोदी सरकार ने इस दिन को संविधान हत्या दिवस का नाम दिया। जब सत्ता तानाशाही बन जाती है, तो जनता उसे उखाड़ फेंकने की ताकत रखती।

कार्यक्रम के अंत में मंडल अध्यक्ष रवि सोलंकी ने श्रीयादे माटी कला बोर्ड के अध्यक्ष प्रहलाद राय टांक और उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन महामंत्री सुरेश सुन्देशा ने किया । कार्यक्रम में दीपेंद्र सिंह ,सुरेश सोलंकी , निवर्तमान पार्षद दिनेश महावर,अशोक गुर्जर, अचल सिंह परिहार , महेंद्र राठौर , चतराराम माली ,डिंपल सिंह, उत्तम प्रजापत भंवर प्रजापत , रमेश मेघवाल,अजय जाटव, रामेश्वर लाल कुमावत ,मनोहर राणा ,जितेंद्र सरगरा व किशन प्रजापत मौजूद रहे।
इलेक्ट्रॉनिक चाप व मिट्टी गुथने की मशीनों के लिए लॉटरी के माध्यम से 42 शिल्पकारों का हुआ चयन-
श्रीयादे माटी कला बोर्ड के अध्यक्ष प्रहलाद राय टांक ने बजट घोषणा की क्रियान्विति के लिए बोर्ड द्वारा आयोजित जागरूकता शिविर में शिरकत की। शिविर में उन्होंने उपस्थित लाभार्थियों से संवाद करते हुए कहा कि माटी कला बोर्ड माटी शिल्पकारों की हर समस्या के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है। माटी शिल्प कला को बढ़ावा देने एवं शिल्पकारों की आय में वृद्धि करने के उद्देश्य से राज्य सरकार द्वारा माटी शिल्पकारों को 2 हजार इलेक्ट्रोनिक चाप व मिट्टी गुथने की मशीने मुहैया करवाई जा रही हैं। इससे शिल्पकारों के समय व श्रम की बचत होगी साथ ही गुणवत्तापूर्ण उत्पाद तैयार हो सकेंगे।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार अंत्योदय संबल शिविर के रूप में राज्य सरकार आमजन के द्वार तक पहुँची है जिसमें शिल्पकार केन्द्र व राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकयाणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठावें।

टाक ने इलेक्ट्रोनिक चाप व मिट्टी गुथने की मशीनों के लिए प्राप्त आवेदनों में जालोर, आहोर व भीनमाल उपखण्ड क्षेत्र की लॉटरी निकाली जिसमें 42 माटी कला शिल्पकारों का चयन किया गया।
इस अवसर पर जालोर तहसीलदार बाबूसिंह राजपुरोहित, जिला उद्योग एवं वाणिज्य केन्द्र के महाप्रबंधक संग्राम राम देवासी सहित माटी कला शिल्पकार उपस्थित रहे।



