ओमप्रकाश बांगड़वा, सांचौर। बूंदी में कार और बाइक की आमने-सामने की भिड़ंत में सास-बहू और बेटे की मौत हो गई। टक्कर से दोनों महिलाएं उछलकर दूर जाकर गिरी और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
बेटे को कोटा रेफर किया, लेकिन रास्ते में उसकी भी मौत हो गई। हादसा शनिवार दोपहर इंदरगढ़ इलाके में कोटा-लालसोट मेगा हाईवे पर लालपुरा के पास हुआ। बाइक सवार लोग मकान के गृहप्रवेश में शामिल होने जा रहे थे।
इंदरगढ़ एसएचओ दिनेश शर्मा के अनुसार टोंक के सौंप निवासी महावीर धाकड़ (45) अपनी मां कैलाशी देवी (60) और पत्नी सुशीला (40) के साथ बाइक से करवर में रिश्तेदारी में मकान के गृहप्रवेश के कार्यक्रम में जा रहे थे। कोटा-लालसोट मेगा हाईवे पर लालपुरा गांव के पास इंदरगढ़ की तरफ से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक पर बैठी दोनों महिलाएं दूर जा गिरीं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
बेटा कोटा रेफर, रास्ते में तोड़ा दम-
राहगीरों की मदद से तीनों को इंदरगढ़ अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने कैलाशी देवी (60) और सुशीला (40) को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर हालत में महावीर को कोटा रेफर किया गया है। रास्ते में उसने भी दम तोड़ दिया। हादसे में कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और बाइक भी टूट गई।
कार ने रॉन्ग साइड में जाकर बाइक को मारी टक्कर-
इंदरगढ़ थाना प्रभारी दिनेश शर्मा ने बताया कि हादसा बाइक सवार अपनी साइड में चल रहा था। सामने से आ रही कार ने रॉन्ग साइड में जाकर बाइक को टक्कर मारी। कार सवार कोटा के रहने वाले हैं। वे करौली जा रहे थे। हादसे के बाद वे निजी वाहन से सवाई माधोपुर चले गए। वहां अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है। उन्हें हल्की चोटें आई हैं।
किसानी का काम करता था मृतक-
हादसे में जान गंवाने वाला महावीर धाकड़ खेती का काम करता था। उसके दो बेटे और एक बेटी है। तीनों प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं।



