ओमप्रकाश बांगड़वा, सांचौर/News 9 Rajasthan:- जिला कलक्टर डॉ. प्रदीप के. गावंडे की अध्यक्षता में गुरुवार को कलक्ट्रेट सभागार में जिले के राजकीय भवनों की वर्तमान यथास्थिति के संबंध में समीक्षा बैठक संपन्न हुई।
बैठक में जिला कलक्टर डॉ. प्रदीप के. गावंडे ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि वे जिले के समस्त राजकीय स्कूलों का नियमित रूप से निरीक्षण करते हुए जर्जर अवस्था में मौजूद स्कूल कक्षों का चिन्हीकरण करें तथा ब्लॉकवार इन कक्षों की रिपेयरिंग के लिए मॉडल एस्टीमेंट तैयार करें।
उन्होंने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को कहा कि वे ज़िले के समस्त राजकीय विद्यालयों के शिक्षकों को पाबंद करें कि वे जीर्ण-शीर्ण कक्षों में विद्यार्थियों को नहीं बैठाएं साथ ही इन कक्षों को बैरिकेड लगाकर सील करें। वही स्कूलों की छतों पर बारिश का पानी इकट्ठा नहीं होने देने के साथ ही वर्षा के कारण स्कूलों में उत्पन्न हुई जलभराव की स्थिति को शीघ्र दुरुस्त करवाना सुनिश्चित करें।

जिला कलक्टर ने सार्वजनिक निर्माण विभाग, शिक्षा व पंचायतीराज विभाग के अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि वे टीमों का गठन करते हुए नियमित रूप से राजकीय भवनों की सुचारु मॉनिटरिंग एवं सुपरविजन तय करें तथा अपने निर्धारित क्षेत्रों में जाकर चिन्हित जर्जर भवनों के सामने एक स्पष्ट सूचना बोर्ड भी लगाएं, जिससे आमजन को चेतावनी मिल सकें और किसी भी प्रकार की अनहोनी से बचा जा सकें।
इस अवसर पर जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी नंदकिशोर राजोरा, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी गंगा कलावंत, जिला शिक्षाधिकारी प्रारंभिक शिक्षा मुनेश मीना, सीडीपीओ महेश चावला सहित अधिकारी कार्मिक उपस्थित रहे।



