News 9 Rajasthan
देशभर में कोरोना वायरस के केसों की संख्या 4145 पहुंच गई है। ये मामले 28 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों से सामने आए हैं। सबसे ज्यादा 1416 एक्टिव केस केरल में हैं। वहीं महाराष्ट्र 510 केसों के साथ दूसरे नंबर है। यहां मंगलवार को 86 नए केस सामने आए।
कोरोना के नए वैरिएंट्स से जनवरी से अब तक देश में 38 मौतें हो चुकी हैं। इनमें से 31 मरीजों की मौत बीते 5 दिन में हुई है। महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा 10 और केरल में 9 मरीजों ने जान गंवाई है। मंगलवार को देश में कोई नई मौत नहीं हुई है।
हिमाचल प्रदेश में मंगलवार को कोरोना का पहला मामला सामने आया। इसके बाद राज्य सरकार ने देर रात एडवाइजरी जारी कर सभी हॉस्पिटल में मास्क पहनना अनिवार्य कर दिया है। मरीजों के साथ अस्पतालों पहुंचने वाले तीमारदारों को भी मास्क पहनना होगा।
केंद्र सरकार ने कहा- कोरोना से निपटने के लिए तैयारियां पूरी
केंद्रीय स्वास्थ्य और आयुष राज्य मंत्री प्रतापराव जाधव ने कहा- स्वास्थ्य विभाग और आयुष मंत्रालय पूरी तरह से सतर्क हैं। सभी राज्यों के हालात पर नजर रख रहे हैं। हमने संबंधित सचिवों और मंत्रियों से बातचीत की है।
उन्होंने आगे कहा कि पिछली कोविड लहरों के दौरान बने ऑक्सीजन प्लांट, ICU बेड जैसी चीजों की समीक्षा हो चुकी है। किसी भी स्थिति से निपटने के लिए तैयारियां जारी हैं।
हाईकोर्ट ने कहा- कोविड की अगली महामारी अभी खत्म नहीं हुई-
दिल्ली हाईकोर्ट ने सोमवार को कहा- कोविड की अगली महामारी अभी खत्म नहीं हुई है, बल्कि यह अभी भी एक्टिव है। कोर्ट ने केंद्र सरकार से सैंपल कलेक्शन सेंटर और ट्रांसपोर्ट पॉलिसी को लेकर की गई तैयारियों की जानकारी मांगी है।
कोर्ट ने कहा कि 30 मई 2023 को हुई बैठक के बाद जो भी निर्णय लिए गए, उन्हें लागू करने में अगर कोई खालीपन है तो यह गंभीर मामला है। जस्टिस गिरीश कथपालिया ने कहा कि यह मानकर चलना चाहिए कि जरूरी कदम और प्रोटोकॉल तय किए जा चुके होंगे, लेकिन संबंधित अधिकारियों को इसे रिकॉर्ड पर लाना चाहिए।



