News 9 Rajasthan टोंक की बनास नदी में डूबने से 8 लोगों की मौत हो गई है। तीन युवकों को बचा लिया गया। पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचा था। मरने वाले सभी लोग जयपुर के रहने वाले थे। ये पिकनिक मनाने गए थे।
एसपी विकास सांगवान ने बताया कि हादसा आज (मंगलवार) दोपहर सदर थाना क्षेत्र के कच्चा बांध, पुराना बनास पुलिया पर हुआ। 11 युवक नदी में डूबे थे, 8 की मौत हो गई और तीन को स्थानीय लोगों ने बचा लिया है। जयपुर पुलिस से कॉन्टैक्ट किया गया है।
एसपी ने बताया कि ये सभी दोस्त थे। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया कि इनमें से कुछ युवक नहाने के लिए नदी में उतरे थे और डूबने लगे। इन्हें बचाने के लिए बाकी दोस्त भी नदी में उतर गए और वे हादसे का शिकार हो गए। सभी की उम्र 25 से 30 साल है। शवों को सआदत हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में रखवाया है।
इनकी हुई मौत-
नौशाद (35) पुत्र शाकिर निवासी हसनपुरा, केसब (19) पुत्र नौशाद निवासी हसनपुरा, फरहान (18) पुत्र अशफाक निवासी हसनपुरा, कासिम (28) पुत्र मुख्तयार अहमद निवासी घाटगेट, रिजवान (29) पुत्र बाबू खां निवासी घाटगेट, बल्लू उर्फ आजाद हुसैन (35) निवासी घाटगेट, नवाब खान (28) पुत्र रईस निवासी कच्ची बस्ती पानीपेच, शाहजिद (20) पुत्र रईस निवासी कच्ची बस्ती पानीपेच।
इन्हें बचाया गया-
शाहरुख (30) निवासी घाटगेट, सलमान (26) निवासी घाटगेट, समीर (32)निवासी घाटगेट।
बकरा ईद फ़ंक्शन के बाद गये थे-
मृतक रिजवान के चाचा राशिद ने बताया कि सोमवार को घर पर बकरा ईद का फंक्शन था। जिसके बाद ये सभी रात को 12 बजे चाकसू पिकनिक बनाने की बात बोलकर घर से निकले थे और आज जैसे ही उनकी हादसे में मौत की जानकारी मिली तो परिवार में खुशियों के बाद सन्नाटा पसर गया। हालांकि परिवार में महिलाओं को अभी इन युवकों की मौत की जानकारी नहीं दी गई है। ऐसे में तमाम उनके रिश्तेदार आस पड़ोस के लोग यहां पहुंचे हैं।



