ओमप्रकाश बांगड़वा, सांचौर। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान सांचौर में सत्र 2025-26 के लिए प्रवेश आवेदन की अंतिम तिथि 31 जुलाई 2025 है। इच्छुक अभ्यर्थी रात 11:59 बजे तक sso.rajasthan.gov.in पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
प्रवेश प्रभारी जयंती लाल ने बताया कि संस्थान में इलेक्ट्रीशियन, इलेक्ट्रॉनिक्स मैकेनिक, मेकैनिक मोटर व्हीकल और कोपा (कंप्यूटर ऑपरेटर एंड प्रोग्रामिंग असिस्टेंट) जैसे रोजगारपरक व्यवसायों में प्रवेश दिया जाएगा। आवेदन के बाद ऑनलाइन भरे गए फॉर्म के साथ आवश्यक दस्तावेज और प्रशिक्षण शुल्क राजकीय आईटीआई सांचौर में जमा कराना अनिवार्य है।
संस्थान प्रभारी सहायक निदेशक सकील अहमद काजी ने बताया कि लड़कियों के लिए प्रशिक्षण पूरी तरह से निशुल्क रहेगा। इससे वे भी तकनीकी शिक्षा से जुड़कर आत्मनिर्भर बन सकेंगी। प्रवेश के लिए न्यूनतम आयु 14 वर्ष निर्धारित की गई है।
प्रवेश से जुड़ी विस्तृत जानकारी और रिक्त सीटों की स्थिति के लिए अभ्यर्थी संस्थान के नोटिस बोर्ड या कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।



