राजस्थान में प्री-मानसून की बारिश ने रफ्तार पकड़ ली है। आज (सोमवार) सुबह अलवर में हल्की बारिश हुई। कल (15 जून) देर रात टोंक, कोटा, जैसलमेर, भीलवाड़ा, दौसा में बारिश हुई। इससे सुबह इन जिलों में मौसम सुहाना हो गया। भीलवाड़ा में देर रात आंधी और बारिश के कारण घर की दीवार गिरने से युवक की मौत हो गई।

आज राज्य के अधिकांश जिलों में बादल छाए हैं। मौसम विभाग ने भी सभी जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है। इनमें से 11 जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के सभी जिलों में हल्की से मध्यम और कहीं-कहीं तेज बारिश हुई। सबसे ज्यादा 96MM (लगभग 4 इंच) बरसात राजसमंद के एरिया में हुई। अजमेर, भीलवाड़ा, भरतपुर, करौली, कोटा, बांसवाड़ा, चित्तौड़गढ़, अलवर, दौसा समेत कई जिलों ऐसे हैं, जहां 25MM से लेकर 70MM तक पानी बरसा।

कहां कितनी बारिश हुई-
रिपोर्ट देखें तो प्रतापगढ़ जिले के दलोत में 12MM, धरियावद में 16MM, गंगानगर के करणपुर में 11, धौलपुर में 13, अलवर के रामगढ़ में 68, थानागाजी में 58, अलवर शहर में 35, राजगढ़ में 37, तिजारा में 11, चूरू के रतनगढ़ में 17, बांसवाड़ा के शेरगढ़ में 25, बागीदौरा में 19, बांसवाड़ा शहर में 11, दौसा के मंडावर में 73, महुवा में 25, बैजुपाड़ा में 30, नागौर के मकराना में 13, सिरोही के रेवदर में 10, जालोर के सांचौर में 25, पाली के मारवाड़ जंक्शन में 35, देसरी में 24, पाली शहर में 2 एमएम बरसात हुई।

राजसमंद के आमेठ में 96MM, कुंभलगढ़ में 84MM, राजसमंद शहर में 40, देवगढ़ में 37, भीम में 31, खमनोर में 27, अजमेर के टोडगढ़ में 50, रूपनगढ़ में 18, नसीराबाद में 15, भरतपुर के वैर में 50, भुसावर में 25, बाड़मेर के सिंधड़ी में 24, कोटा के लाडपुरा में 45, डीगोद में 16, करौली के महावीरजी में 25, उदयपुर के वल्लभनगर में 32, गोगुंदा में 16, चित्तौड़गढ़ के राश्मी में 27, भोपालसागर में 18, भीलवाड़ा के शम्भूगढ़ में 25, कारेड में 64MM बारिश दर्ज हुई।
10 डिग्री सेल्सियस तक गिरा पारा-
प्रदेश में प्री-मानसून की इस बारिश से पारा भी पिछले 2 दिन के दौरान 10 डिग्री सेल्सियस तक नीचे आ गया है। कई शहरों का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज हुआ। कल (रविवार) सबसे ज्यादा तापमान चूरू में 41.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ था।
दौसा में अधिकतम तापमान 41.2, अलवर, सीकर, गंगानगर में 40-40, पिलानी में 40.8, बीकानेर में 40.6, हनुमानगढ़, डूंगरपुर में 36.1, जोधपुर में 38.9, कोटा में 39, अजमेर में 36.6 और उदयपुर में 36.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ था।
भीलवाड़ा में दीवार गिरने से एक की मौत-
भीलवाड़ा के रायला क्षेत्र में रविवार शाम तेज अंधड़ और बारिश के कारण बैरा गांव के कई मकानों के टीन शेड उड़ गए। घर की दीवार गिरने से अविनाश (35) घायल हो गया।। उसे एम्बुलेंस की मदद से हॉस्पिटल पहुंचाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। वह कपड़ा फैक्ट्री में काम करता था।
बीसलपुर बांध के कैचमेंट एरिया में भी बारिश हुई है। बांध के एग्जीक्यूटिव इंजीनियर मनीष बंसल ने बताया- सोमवार सुबह 6 बजे जलस्तर 312.45 आरएल मीटर दर्ज किया गया। कैचमेंट एरिया में 15 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। बीसलपुर की कुल भराव क्षमता 315.50 आरएल मीटर है।
आज से आगे बढ़ने लगेगा मानसून-
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, पूर्वी हवा के एक्टिव होने के साथ अब मानसून के आगे बढ़ने की संभावना बढ़ गई है। संभावना है कि आज पूर्वी भारत के राज्यों (अरूणाचल प्रदेश, असम, सिक्किम) से मानसून आगे बढ़कर पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों के साथ मध्य भारत के बिहार, झारखंड राज्यों में एंट्री कर सकता है। पूर्वोत्तर राज्यों में 29 मई तक मानसून आने के बाद से उसमें कोई प्रगति (आगे बढ़ना) नहीं हुई।
ओडिशा, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र के जिन हिस्सों में मानसून 26 मई से अटका पड़ा है। उसके भी आज से आगे बढ़ने की उम्मीद है। वर्तमान में मानसून मुंबई, नांदेड़ के एरिया में रुका है।



