ओमप्रकाश बांगड़वा, सांचौर/ News 9 Rajasthan
जालोर 26 मई। जिला कलक्टर डॉ. प्रदीप के. गावंडे की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट परिसर में साप्ताहिक समीक्षा बैठक संपन्न हुई।
बैठक के दौरान जिला कलक्टर डॉ. प्रदीप के. गावंडे ने संपर्क पोर्टल पर प्राप्त हुए प्रकरणों की विभागवार समीक्षा करते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को संपर्क पोर्टल पर प्राप्त आमजन की परिवेदनाओं का त्वरित रूप से निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विभागीय अधिकारी प्राप्त परिवेदनाओं का निस्तारण न्यूनतम समय में गुणवत्तापूर्ण समाधान करते हुए परिवादियों को राहत प्रदान करें।
उन्होंने जिले में राज्य सरकार के निर्देशानुसार माह के प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय गुरुवार को आयोजित होने वाली त्रिस्तरीय जनसुनवाई एवं समाधान व्यवस्था की समीक्षा करते हुए कहा कि विभागीय अधिकारी जनसुनवाई के दौरान जिले के नागरिकों की परिवेदनाओं का गुणवत्तापूर्ण समाधान करें। उन्होंने अधिकारियों को समस्याओं के संतुष्टिपूर्वक समाधान करने के उपरांत परिवादियों से बातचीत कर उनसे फीडबैक लेने की बात कही।
फ्लैगशिप योजनाओं की प्रभावी क्रियान्विति सुनिश्चित करें-
जिला कलक्टर प्रदीप के गावंडे ने जिले में केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न फ्लैगशिप योजनाओं की भौतिक प्रगति की समीक्षा करते हुए विभागीय अधिकारियों को प्रभावी मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना, जल जीवन मिशन, मुख्यमंत्री स्वनिधि योजना, कर्मभूमि से मातृभूमि, एन.एफ.एस.ए. की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को इन योजनाओं के माध्यम से अधिक से अधिक पात्र व्यक्तियों को लाभान्वित करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर उप वन संरक्षक जयदेव सिंह चारण, डिस्कॉम के अधीक्षण अभियंता धर्मेंद्र प्रजापति, जिला रसद अधिकारी आलोक झरवाल, मुख्य जिला शिक्षाधिकारी गंगा कलावंत सहित अधिकारी-कार्मिक उपस्थित रहे।



