ओमप्रकाश बांगड़वा, सांचौर। सांचौर पुलिस द्वारा जोधपुर आईजी रेंज विकास कुमार द्वारा चलाये जा रहे ऑपरेशन भौकाल और ऑपरेशन संपोलिया में दो अलग-अलग कार्रवाई को अंजाम दिया गया।
जोधपुर आईजी विकास कुमार के निर्देशानुसार जालोर पुलिस अधीक्षक ज्ञानचद्र यादव के निर्देशन में सांचौर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आवड़दान रतनू एवम् सांचौर सहायक पुलिस अधीक्षक एवं वृत्ताधिकारी कांबले शरण गोपीनाथ के सुपरविजन में सांचौर थानाधिकारीं देवेन्द्र सिंह कच्छवाह मय टीम ने दोनों कार्रवाइयों को अंजाम दिया है।

पहली कार्रवाई- पलादर सरहद में अवैध शराब से भरी स्कॉर्पियो गाड़ी से 84 कार्टन शराब जब्त-
सांचौर पुलिस ने “ऑपरेशन भौकाल” के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर थानाधिकारी देवेंद्र सिंह के नेतृत्व में कालूदान हेड कांस्टेबल द्वारा पलादर सरहद में नाकाबंदी के दौरान एक सफेद कलर की स्कॉर्पियो गाड़ी आती हुई दिखाई दी। पुलिस को देखकर तस्कर गाड़ी को मौके पर छोड़कर फरार हो गया।
पुलिस टीम द्वारा गाड़ी की तलाशी लेने पर गाड़ी में से अवैध अंग्रेज़ी शराब और बीयर के 84 कार्टन भरे हुए पाये जाने पर उक्त अंग्रेज़ी शराब और गाड़ी को पुलिस द्वारा जब्त कर अज्ञात आरोपी के खिलाफ प्रकरण संख्या 294 दिनांक 16.06.2025 धारा 19/54 राजस्थान आबकारी अधिनियम में दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान शुरू किया गया।
पुलिस द्वारा बरामद शराब और वाहन का विवरण-
पुलिस द्वारा सफेद कलर की स्कॉर्पियो गाड़ी संख्या जीजे-08-सीआर-0181 में से किंगफ़िशर सुपर स्ट्रॉग बीयर की बोतल के सात कार्टन, मैजिक मूवमेंट के छः कार्टन, वॉइट लेक वोडका के 30 कार्टन, मैक डॉवल्स नम्बर-वन के 2 कार्टन, रॉयल स्टेज के 5 कार्टन, किंग फिशर सुपर स्ट्रोंग बीयर के केन के 26 कार्टन, ऑफ़ीसर्स चौईस व्हिस्की के 8 कार्टन कुल 84 कार्टन अवैध अंग्रेज़ी शराब के बरामद किये गये।
पुलिस कार्रवाई में ये रहे शामिल-
थानाधिकारी देवेंद्र सिंह कच्छवाह के नेतृत्व में कालुदान हेड कांस्टेबल, गोआराम कांस्टेबल और भंवरलाल कांस्टेबल शामिल रहे।

सांचौर पुलिस की दूसरी कार्रवाई- “ऑपरेशन संपोलिया” के तहत 1.14 ग्राम स्मैक की जब्त-
सांचौर पुलिस द्वारा आईजी विकास कुमार द्वारा नशे के विरुध्द चलाये जा रहे “ऑपरेशन संपोलिया” के तहत मुखबिर से मिली सूचना अनुसार एक अज्ञात व्यक्ति न्यू हिरो स्पलेंडर बिना नंबर की बाइक पर बड़सम तिराया की तरफ जा रहा है जिसके कब्जे में अवैध मादक पदार्थ स्मैक हो सकती है।
सूचना मिलने पर पुलिस टीम बड़सम तिराया पहुंची तो अज्ञात तस्कर बाइक को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। बाइक की तलाशी लेने पर पुलिस टीम को बाइक की टंकी के ऊपरी जेब में अवैध मादक पदार्थ 1.14 ग्राम अवैध स्मैक मिली। जिसको पुलिस द्वारा जब्त कर अज्ञात आरोपी के खिलाफ प्रकरण संख्या 293 दिनांक 16.06.2025 धारा 8/21 एनडीपीएस अधिनियम में मामला दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान शुरू किया गया।

पुलिस कार्रवाई में ये रहे शामिल-
देवेंद्र सिंह कच्छवाह थानाधिकारी, तगाराम सहायक उपनिरीक्षक, जादाराम हेड कांस्टेबल, ओमप्रकाश कांस्टेबल, महेश कुमार कांस्टेबल और शिवकरण चालक कांस्टेबल शामिल रहे।




