लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के जन्मदिन पर कांग्रेस नेताओं ने बधाई दी है। राजस्थान के नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने दिल्ली में राहुल गांधी से मुलाकात कर उन्हें लड्डू खिलाकर शुभकामनाएं दीं। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव सचिन पायलट ने राहुल गांधी को गुलदस्ता भेंट कर जन्मदिन की बधाई दी। राहुल गांधी ने जन्मदिन के मौके पर दिल्ली में पुराने कांग्रेस मुख्यालय 24 अकबर रोड पर पहुंचकर कार्यकर्ताओं से मुलाकात की।
राहुल गांधी से मिलने के दौरान राजस्थान के कई कांग्रेस नेता मौजूद रहे। राहुल गांधी से मुलाकात के बाद जूली ने एक्स पर लिखा- देश के जनप्रिय नेता राहुल गांधी के जन्मदिन पर आज AICC मुख्यालय में उनका मुंह मीठा करवाकर जन्मदिन की बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित की। संविधान की रक्षा, सामाजिक न्याय, आदिवासी अस्मिता और दलितों, वंचितों और कमजोर वर्ग के अधिकारों के लिए राहुल जी के प्रयास सराहनीय हैं।

राहुल गांधी के जन्मदिन पर फुले फिल्म के विशेष शो में शामिल हुए पायलट, कहा- फुले का जीवन प्रेरणादायी-
राहुल गांधी के जन्मदिन के मौके पर सचिन पायलट फुले फिल्म के विशेष शो में शामिल हुए। पायलट ने एक्स पर लिखा- राहुल गांधी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में NSUI द्वारा ‘फुले’ फिल्म के विशेष शो में शामिल हुआ। महात्मा ज्योतिबा फुले और सावित्री बाई फुले ने आजीवन सामाजिक भेदभाव के खिलाफ बदलाव लाने के लिए संघर्ष किया। उनका जीवन हम सभी के लिए प्रेरणादायी है।
जूली बोले- वंचित तबकों की आवाज हैं राहुल गांधी-
राहुल गांधी से मुलाकात के बाद टीकाराम जूली ने कहा- राहुल गांधी देश भर में कमजोर, वंचित वर्गों की आवाज हैं। कमजोर तबके के हक अधिकारों के लिए वे सजग प्रहारी बनकर उभरे हैं। देश के संविधान की रक्षा हो या कमजोर तबके के अधिकारों का मुद्दा राहुल गांधी हमेशा आगे रहे हैं।
ज्ञानदेव आहूजा के मंदिर में गंगाजल छिड़कने के विवाद से राहुल गांधी की निगाहों में आए थे जूली-
टीकाराम जूली मंदिर विवाद के बाद राहुल गांधी की निगाहों में आए। जूली ने इस साल रामनवमी पर अलवर के मंदिर में जाक दर्शन किए थे, इसके बाद पूर्व बीजेपी विधायक ज्ञानदेव आहूजा ने गंगाजल छिड़ककर मंदिर को धोया। कांग्रेस ने इसे दलित वर्ग से आने वाले नेता प्रतिपक्ष का अपमान बताते हुए राष्ट्रीय मुद्दा बनाया था। इस घटना के कुछ दिन बाद ही अहमदाबाद में कांग्रेस का सम्मेलन था। उस सम्मेलन में राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे ने जूली का नाम लेकर घटना का जिक्र करते हुए बीजेपी पर हमला बोला था।
राहुल गांधी ने जूली का नाम लेकर उन्हें मंच पर बुलाया था, हालांकि उस समय वे जयपुर के लिए रवाना हो गए थे। उस घटना के बाद से जूली का नाम कांग्रेस के राष्ट्रीय नेताओं के बीच पहचाना जाने लगा है।



