ओमप्रकाश बांगड़वा, सांचौर। बाड़मेर जिले की वन विभाग की टीम ने अवैध लकड़ी कटाई पर बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। खेजड़ी की लकड़ियों से भरे ट्रक और पिकअप को जब्त किया है। इन दोनों में करीब 20 टन लकड़ी भरी है। इसकी अनुमानित कीमत डेढ़ लाख रुपए आंकी की गई है।

क्षेत्रीय वन अधिकारी श्रीराम विश्नोई ने बताया- वन विभाग की टीम आरोपियों से पूछताछ कर रही है। डीएफओ सविता दहिया के निर्देशन में वन विभाग गुड़ामालानी टीम को सूचना मिली थी। कि देव नगर भेडाना गांव में राज्य वृक्ष खेजड़ी को काटकर वाहनों में भरकर परिवहन किया जा रहा है।
इस पर टीम ने दबिश देकर एक ट्रक और एक पिकअप को रुकवाया। गाड़ियों की तलाशी लेने पर उसमें गीली खेजड़ी की लकड़ी मिली। इस पर ट्रक व पिकअप ड्राइवरों से वैध डॉक्यूमेंट मांगे गए, लेकिन उनके पास दस्तावेज नहीं मिले। इस पर ड्राइवरों को डिटेन किया है। ट्रक को जब्त कर लिया गया है।

20 टन खेजड़ी की लकड़ी जब्त-
अधिकारी का कहना है कि ट्रक व पिकअप के अंदर करीब 20-25 टन खेजड़ी की लकड़ी है। जिसकी अनुमानित कीमत डेढ़ लाख रुपए है। फिलहाल पकड़े ड्राइवरों से अवैध लकड़ी कहां से लेकर आया है और किसको सप्लाई करने वाला था, इसको लेकर पूछताछ की जा रही है।
कार्रवाई में ओमप्रकाश विश्नोई, अमृत लाल, रामजीवन गोदारा और नारणा राम सहित वन विभाग की टीम शामिल रही। वन विभाग ने अपील जारी की है पर्यावरण संरक्षण के लिए ऐसी कार्रवाइयां आगे भी जारी रहेंगी।




