ओमप्रकाश बांगड़वा, सांचौर।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के सीलू आगमन पर आयोजित कार्यक्रम में देवासी समाज की महिलाओं को उनके पारंपरिक पहनावे के चलते कार्यक्रम में प्रवेश नहीं दिया।
इस घटना से आहत होकर देवासी समाज के लोगों ने गुरुवार को देवासी समाज छात्रावास से रैली निकालकर उपखंड अधिकारी को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में बताया गया कि सीलू की स्थानीय निवासी देवासी समाज की महिलाएं मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में भाग लेने आई थीं, लेकिन पुलिस प्रशासन ने उन्हें कार्यक्रम स्थल में प्रवेश से रोक दिया।
रोकने का कारण यह बताया गया कि महिलाओं की ओढ़नी पर काला पट्टा था। ज्ञापन में स्पष्ट किया गया है कि काला पट्टा देवासी समाज की सांस्कृतिक पहचान और पारंपरिक पहनावे का अभिन्न हिस्सा है, न कि किसी प्रकार का विरोध-प्रदर्शन। समाज के लोगों ने इस कार्रवाई को अपमानजनक बताया और कहा कि इससे न केवल महिलाओं की गरिमा को ठेस पहुंची है, बल्कि पूरे समाज की भावना भी आहत हुई है। ज्ञापन के माध्यम से समाज ने इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने की मांग की। इस दौरान समाज अध्यक्ष रूडाराम रेबारी, सचिव भलाराम जाजूसन, हरिराम वोढा, हाजाराम जाजूसन, अर्जुनराम, सुरेश कुमार, सरपंच गेमाराम देवासी, पीराराम फालना, पारसाराम बड़सम सहित अन्य मौजूद रहे।



