केटरर्स का काम निपटाकर टेंपो से घर आने के दौरान ट्रेलर ने टेंपो को टक्कर मार दी। इससे टेंपो में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं एक युवक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घटना बाड़मेर जिले के गुड़ामालानी गांधव गांव रविवार रात करीब 9:30 बजे की है।
टक्कर इतनी तेज थी कि टेपों का आगे का हिस्सा पूरी तरीके से पिचक गया। वहीं पीछे का हिस्सा टेंपो से अलग होकर 100 फीट दूर चला गया। सवारियां नेशनल हाईवे पर बिखर गई। इधर तीन गंभीर घायल को सांचोर प्राइवेट हॉस्पिटल ले जाया गया। इसमें एक युवक की हालात नाजुक होने पर उससे पालनपुर रेफर कर दिया गया। हादसे में दो चचेरे भाई की मौत हुई है।
सवारियां नेशनल हाईवे पर बिखरी-
गुड़ाामालानी थानाधिकारी देवी चंद ढाका ने बताया- गुड़ामालानी पीपराली गांव निवासी रामाराम (19) पुत्र दानाराम उसका चचेरा भाई दिनेश पुत्र चूनाराम, अशोक पुत्र जेठाराम, गणपत यह सभी सांचोर में केटरर्स का काम निपटाकर गांव लौट रहे थे। सवारी टेंपो में बैठ गए। इनके साथ में लाल सिंह पुत्र भैर सिह निवासी भापड़ी, जालोर और रामाराम पुत्र घमंडाराम खारवां गुड़ामालनी भी सवार थे। नेशनल हाईवे 68 पर गांधव गांव में सामने से आ रहे ट्रेलर ने टेंपो को टक्कर मार दी। ड्राइवर ट्रेलर लेकर भाग गया। टक्कर से टेंपो के परखच्चे उड़ गए। सवारियां हाईवे सड़क पर दूर-दूर बिखर गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। ट्रेलर का पीछा कर ड्राइवर व ट्रेलर को पकड़ लिया।
दो की मौके पर मौत, एक हॉस्पिटल में तोड़ा दम-
रामाराम पुत्र दानाराम और लाल सिंह पुत्र भैर सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। बाकी चारों गंभीर घायलों को सांचोर हॉस्पिटल भेजा गया। वहां पर इलाज के दौरान दिनेश पुत्र चूनाराम ने दम तोड़ दिया। वहीं हालात नाजुक होने पर रामाराम पुत्र घमंडाराम को सांचोर से पालनपुर गुजरात रेफर किया गया है। वहीं दो का इलाज सांचोर में चल रहा है।

ट्रेलर ड्राइवर ने लापरवाही से चलाते मारी टक्कर –
पुलिस के अनुसार ट्रेलर धोरीमन्ना से सांचोर की तरफ जा रहा था। वहीं टेंपो सांचोर से पीपराली गांव की तरफ आ रहा था। ट्रेलर ने लापरवाही से चलाते हुए टेंपों को टक्कर मार दी। इसके बाद मौके से भाग गया। हालांकि हमने उस ट्रेलर व ड्राइवर को पकड़ लिया है।



