ओमप्रकाश बांगड़वा, सांचौर। सांचौर में जिला बचाओ संघर्ष समिति का धरना 179वें दिन भी जारी है। राजीवनगर के ग्रामीणों ने धरना स्थल पर पहुंचकर आंदोलन को समर्थन दिया और मुख्यमंत्री के नाम सांचौर एडीएम को ज्ञापन सौंपा।
अधिवक्ता भीमाराम चौधरी की अध्यक्षता में चल रहे धरने में वक्ताओं ने सरकार के निर्णय को जनहित के विरुद्ध बताया। समिति ने बताया कि सांचौर, जालोर से 145 किलोमीटर दूर है। जिले के अंतिम गांव आकोड़ियां रणखार की दूरी लगभग 250 किलोमीटर है। जिला बनने से लोगों को नजदीक सुविधाएं मिल रही थीं। समिति ने इस मामले में प्रमाणों के साथ कोर्ट में याचिका दायर की है।
पूर्व सरपंच भीखाराम बिश्नोई और अन्य वक्ताओं ने कहा कि सरकार ने रानीवाड़ा और बागोड़ा क्षेत्र की दूरी का हवाला देकर सांचौर को निरस्त किया। लेकिन आज भी इन क्षेत्रों के लोग एडीएम सांचौर कार्यालय में अपने कार्य करवा रहे हैं।

राजीवनगर के ग्रामीणों ने कहा कि सरनाऊ से जालोर की दूरी बहुत अधिक है। सांचौर नजदीक होने के कारण इसे जिला बनाना व्यावहारिक और जनहित में है। पूर्व सरकार ने सभी मापदंडों पर खरा उतरने के बाद सांचौर को जिला घोषित किया था।
धरने में एडवोकेट सदराम साहू, लादूराम बेनिवाल, पुरखाराम, मफाराम सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।



