ओमप्रकाश बांगड़वा, सांचौर। सांचौर में राजस्थान शिक्षक संघ प्रगतिशील ने डाक बंगला में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष बनाराम चौधरी ने की। संगठन के मुख्य महामंत्री किशनलाल सारण ने बताया-9 जुलाई 2025 को आम हड़ताल में शिक्षक संघ भी शामिल होगा।
संगठन ने सत्र 2025-26 के लिए 21 सूत्रीय मांग पत्र तैयार किया है। इसे 21 जुलाई 2025 को सभी जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन कर जिला कलेक्टरों को सौंपा जाएगा। तृतीय श्रेणी शिक्षकों के स्थानांतरण और पदोन्नति के मुद्दों पर शिक्षा मंत्री से वार्ता की जाएगी।
प्रदेश अध्यक्ष ने सरकार की विद्यालय बंद करने की नीति का विरोध किया। मुख्य महामंत्री ने सरकार की शिक्षा विरोधी नीतियों के खिलाफ संघर्ष की बात कही। संगठन के संरक्षक पूनमचंद बिश्नोई ने नई शिक्षा नीति 2020 और संविदा नियुक्तियों का विरोध किया।
बैठक में सदस्यता अभियान चलाने और संगठन को मजबूत करने के लिए कार्यशालाएं आयोजित करने का निर्णय लिया गया। जालौर जिला अध्यक्ष ने पुरानी पेंशन योजना को जारी रखने की मांग की। प्रदेश प्रवक्ता ने शिक्षा के निजीकरण का विरोध किया।



