ओमप्रकाश बांगड़वा, सांचौर/ ब्यूरो न्यूज-
बाड़मेर में पति-पत्नी ने अपने 2 मासूम बच्चों के साथ सुसाइड कर लिया। आस-पड़ोस के लोगों को घर में बच्चों की चहल-पहल दिखाई नहीं दी। अनहोनी की आशंका में लोगों ने देखा तो चारों के शव पानी के टैंक (टांके) में मिले। घटना बाड़मेर के शिव थाना इलाके की है।
डीएसपी मानाराम गर्ग ने बताया- उण्डू गांव में रात करीब 8 बजे की घटना है। पड़ोसियों ने रात आठ बजे चार लोगों के टैंक में गिरने की सूचना शिव थाना पुलिस को दी थी।
पुलिस पहुंची तो शिवलाल (35) पुत्र नगाराम निवासी उण्डू, पत्नी कविता (32), 8 और 9 साल के बेटे रामदेव और बजरंग का शव घर के बाहर खेत में बने टैंक में मिला। अब तक की पूछताछ में मामला सामूहिक सुसाइड का लग रहा है। पुलिस जांच में जुटी है। शिवलाल दो भाई था। एक भाई मांगीलाल बाड़मेर शहर में रहता है।
घर से 20 मीटर की दूरी है पानी का टैंक-
चार लोगों के टैंक में गिरने की सूचना मिलते ही रामसर डीएसपी मानाराम टीम के साथ मौके पर पहुंचे। टैंक घर से 20 मीटर दूर खेत में बना है। खेत और घर एक ही जगह बने हुए हैं। मंगलवार को दोपहर से ही भाई और भाभी का फोन बंद आने पर शिवलाल के भाई मांगीलाल ने शाम को 6.30 बजे अपने मजदूर को घर पर जाकर देखने को कहा।

मजदूर घर पहुंचा तो उसे कोई नहीं दिखा, जिस पर वह लौट गया। मांगीलाल द्वारा जोर देने पर उसने वापस आकर परिवारजनों की तलाश की तो टैंक में महिला का शव देखकर वह घबरा गया। वहां से भागकर पड़ोसियों के पास आया। पड़ोसियों ने रात करीब 8 बजे इस संबंध में पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने पीहर पक्ष को सूचना दे दी है। उनके आने के बाद शवों को बाहर निकाला जाएगा। विवाहिता का पीहर सेवनियाला बायतु है।
पिता गए पंडिताई करने, मां छोटे बेटे पास आई थी-
मंगलवार को नगाराम पंडिताई के कार्य से घर से बाहर गए हुए थे। उनकी पत्नी छोटे बेटे के पास बाड़मेर आई हुई थी। पीछे बेटा शिवलाल, बहू कमला और 2 पोते रामदेव और बजरंग घर पर थे।

दिन में बाड़मेर से शिवलाल के छोटे भाई ने कई बार फोन किया, लेकिन किसी ने उठाया नहीं। इस पर उसने पड़ोस में किसी को फोन करके पता करने की बात कही।
दोपहर करीब 2 से 3 बजे के बीच जब उनके घर पर पड़ोसी गया तो घर पर ताला लगा हुआ था और आसपास भी कोई नहीं था। आसपास ढाणियों की आबादी है, लेकिन इनकी ढाणी कुछ दूरी पर एक साइड में है।



