ओमप्रकाश बांगड़वा, सांचौर/News 9 Rajasthan:- जालौर जिले के सांचौर क्षेत्र में मानवता को शर्मसार करने वाली एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक गांव में ट्रक चालक की पत्नी को गांव के ही एक युवक ने पहले खेत की मेड ठीक करने के बहाने अपने झांसे में लिया और फिर घर में अकेली पाकर जबरन दुष्कर्म किया। इतना ही नहीं, आरोपी ने पीड़िता की अश्लील तस्वीरें खींचकर उसे लगातार ब्लैकमेल किया, जिसके चलते पीड़िता ने परेशान होकर जहर खा लिया। सांचौर पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ बलात्कार और ब्लैकमेलिंग की गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ऐसे रची गई साजिश-
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि करीब दो महीने पहले उसका पति ट्रक लेकर बाहर गया हुआ था। इसी दौरान गांव का एक युवक जेसीबी मशीन से खेत की मेड ठीक कराने के बहाने उसके संपर्क में आया। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने उसे घर में अकेली पाकर उसके साथ जबरदस्ती की और उसकी अश्लील तस्वीरें खींच लीं। बदनामी के डर से पीड़िता ने शुरुआती दौर में यह बात किसी को नहीं बताई।
ब्लैकमेलिंग का सिलसिला और दूसरी बार दुष्कर्म-
इस घटना के बाद आरोपी लगातार पीड़िता को फोन कर धमकाने लगा कि अगर उसने यह बात किसी को बताई तो वह तस्वीरें वायरल कर देगा। जब पीड़िता ने आरोपी के फोन उठाना बंद कर दिया, तो उसने उसे फिर से डराया-धमकाया। पीड़िता का आरोप है कि 26 जुलाई को जब वह फिर से घर पर अकेली थी, आरोपी दोबारा उसके घर में घुस आया और उसके साथ फिर से जबरदस्ती की। पीड़िता के शोर मचाने पर आरोपी ने उसके मुंह पर चुनरी बांध दी और वारदात को अंजाम देकर फरार हो गया।
परेशान होकर खाया जहर, अब सांचौर पुलिस कर रही जांच-
इस भयावह घटना से आहत पीड़िता ने उसी दिन जहर खा लिया। परिजनों ने तत्परता दिखाते हुए उसे सांचौर के एक निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज चला। अस्पताल में भर्ती रहने के दौरान आरोपी के खौफ से पीड़िता सही बयान नहीं दे पाई। हालांकि, अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद 29 जुलाई को उसने महिला डेस्क पर अपनी आपबीती सुनाई, जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की।
ये है भारतीय न्याय संहिता की धारा 64 (2) (m) में-
यह मामला भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 64 (2) (m) के तहत दर्ज किया गया है। यह धारा बलात्कार से संबंधित है और उन मामलों पर लागू होती है जहां अपराधी बार-बार बलात्कार करता है, या ऐसा कृत्य करता है जिससे पीड़िता को गंभीर शारीरिक या मानसिक क्षति होती है, या सामूहिक बलात्कार का मामला होता है। इस धारा के तहत कठोर दंड का प्रावधान है।
पुलिस की मुस्तैदी, आरोपी की तलाश जारी-
सांचौर थानाधिकारी देवेंद्र सिंह ने मामले की गंभीरता को स्वीकार करते हुए कहा, “मामला अत्यंत गंभीर प्रकृति का है। पीड़िता की ओर से दर्ज शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण करवाया जा चुका है और उससे विस्तृत बयान लिया गया है। घटना की समग्रता से जांच की जा रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। अनुसंधान जारी है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी। पीड़िता को हरसंभव सुरक्षा और न्याय दिलाना हमारी प्राथमिकता है।” पुलिस टीमें आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। यह घटना सरनाऊ समिति के एक गांव की बताई जा रही है।



