ओमप्रकाश बांगड़वा/News 9 Rajasthan जैसलमेर के लाठी थाना इलाके में एक ट्रक और कैम्पर गाडी की आमने सामने भिड़ंत में कैम्पर में सवार 4 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा रात करीब 10 बजे हुआ। टक्कर के बाद लोग मौके पर पहुंचे और लाठी थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची। हादसे के बाद कैम्पर गाडी बुरी तरह से पिचक गई जिसके कारण चार लोग उसमें फंस गए। शवों को क्रेन की मदद से बाहर निकाला गया। एम्बुलेंस की मदद से सभी को पोकरण हॉस्पिटल पहुंचाया गया है।
बताया जा रहा है कि हिरन शिकार की सूचना पर वन्य जीव प्रेमी राधेश्याम विश्नोई अपने साथियों व एक वन विभाग के कर्मचारी के साथ लाठी इलाके के जंगलों की तरफ गाडी लेकर निकले थे। लाठी में गैस एजेंसी के पास सामने से आ रहे ट्रक से कैम्पर की भिड़ंत हो गई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सभी गाडी में फंस गए। गाडी में राधेश्याम विश्नोई के अलावा श्याम प्रसाद पुत्र बगदूराम विश्नोई, कवराजसिंह भादरिया, व वन विभाग का कर्मचारी सुरेंद्र चौधरी मौजूद थे। सभी की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने पर लाठी थाना प्रभारी राजेंद्र खदाव टीम के साथ मौके पर पहुंचे और सभी को एम्बुलेंस की सहायता से पोकरण पहुंचाया।



