ओमप्रकाश बांगड़वा, सांचौर। राजस्थान में गुर्जर आंदोलन की फिर से आहट हो रही है। सरकारी नौकरियों में 5 प्रतिशत आरक्षण के पूरे लाभ सहित कई मांगों को लेकर 8 जून को भरतपुर के पीलूपुरा में महापंचायत का ऐलान किया गया है।
महापंचायत की तैयारियों को लेकर आज गाजीपुर (दौसा) में मीटिंग होगी। इसमें गृह राज्यमंत्री जवाहर सिंह बेढम भी शामिल होंगे।

मंत्री ने कहा कि मैं संघर्ष समिति और समाज के लोगों से बात करूंगा। यह बात टेबल पर होनी चाहिए। अगर कोई खामियां थीं तो उन्हें सरकार को बताना चाहिए था।
वहीं, आज गुर्जर आरक्षण संघर्ष समिति के अध्यक्ष विजय बैंसला ने कहा- 17 साल के संघर्ष में उन्हें दो ही चीजें मिली हैं। बाकी सभी मांगें अधूरी हैं। महापंचायत को लेकर समाज एकजुट है।
मांगें नहीं मानी तो आंदोलन- बैंसला-
गुर्जर आरक्षण संघर्ष समिति रविवार की महापंचायत को सफल बनाने की कोशिशों में जुटी है। नेता घर-घर जाकर गुर्जरों को निमंत्रण दे रहे हैं।
वहीं, विजय बैंसला ने कहा- अगर सरकार हमारी मांगों पर कोई गौर नहीं करती तो हमें आंदोलन की तरफ जाना होगा। गुर्जर समाज की कई ऐसी मांगें हैं, जो सरकार ने अभी तक पूरी नहीं की।

बैंसला बोले-बंद कमरे में वार्ता नहीं होगी-
विजय बैंसला ने कहा- अबकी बार सरकार से वार्ता बंद कमरे में नहीं होगी। अबकी बार सरकार से वार्ता समाज के सामने होगी। समाज के सामने ही निर्णय लिया जाएगा।
मैंने अपना रूट चार्ट दे दिया है। अगर सरकार को बात करनी है तो वह रूट चार्ट के हिसाब से आकर हमसे और समाज से बात करें।

गुर्जर समाज के प्रतिनिधिमंडल और गृह राज्यमंत्री के बीच होगी बातचीत-
दौसा में महवा के गाजीपुर गांव में गुर्जर समाज के प्रतिनिधिमंडल और गृह राज्यमंत्री जवाहर बेढम की वार्ता होनी है। महापंचायत को लेकर बात हो सकती है। गाजीपुर गांव में मीटिंग की तैयारी की जा रही है।
आज की वार्ता में समझाइश की जाएगी- गृह राज्यमंत्री बेडम-
मंत्री जवाहर सिंह बेडम ने कहा है कि आज दोपहर 2 बजे महुआ (दौसा) के गाजीपुर में वार्ता होगी। मैं सरकार और समाज की तरफ से संघर्ष समिति और समाज के लोगों से वार्ता करूंगा।
यह बात टेबल पर होनी चाहिए। मेरा काम हमेशा समझाइश का रहता है। अगर कोई खामियां थीं तो उन्हें (बैंसला) सरकार को बताना चाहिए था।
क्योंकि इससे पहले समाज का समझौता कांग्रेस सरकार में पूर्व सीएम गहलोत के समय पर हुआ था।
आज वार्ता में समझाइश की कोशिश की जाएगी। साथ ही समाज की मांगों को लेकर बात की जाएगी।



